1971 युद्ध में शामिल पूर्व पैरा-ट्रूपर्स ने पैरा-जंप कर CDS बिपिन रावत को दी श्रद्धांजलि
1971 के युद्ध में हिस्सा लेने वाले चार पूर्व पैरा-ट्रूपर्स ने पैरा-जंप कर देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत उनकी पत्नी समेत उन सैनिकों को श्रद्धांजलि दी जिनकी मौत वायुसेना के हेलीकॉप्टर क्रैश में हुई है। स्वर्णिम विजय वर्ष के मौके पर शनिवार को आगरा में सेना की शत्रुजीत ब्रिगेड ने इस पैरा-जंप का आयोजन किया था। सेना के मुताबिक, 1971 के युद्ध में पूर्वी पाकिस्तान सेना की 2 पैरा रेजीमेंट ने शत्रुजीत ब्रिगेड के साथ मिलकर टैगंल एयर-ड्रॉप और ऑपरेशन में हिस्सा लेकर पाकिस्तानी सेना की लॉजिस्टिक सप्लाई काट दी थी। ये ऑपरेशन ठीक 50 साल पहले 11 दिसंबर को किया गया था। पाकिस्तान के खिलाफ जीत में इस ऑपरेशन की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। यही वजह है कि स्वर्णिम विजय वर्ष के मौके पर आगरा स्थित शत्रुजीत ब्रिगेड ने इस ऑपरेशन की याद में पैरा-जंप का आयोजन किया था।
