मुंबई एनसीबी के पूर्व जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े को लगा बड़ा झटका, वानखेड़े के होटल और बार का लाइसेंस हुए रद्द
मुंबई एनसीबी के पूर्व जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े को तगड़ा झटका लगा है। उनके होटल और बार का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है। ठाणे कलेक्टर ने नवी मुंबई में सद्गुरु होटल और बार को दिए गए लाइसेंस को रद्द कर दिया। इस होटल और बार के मालिक एनसीबी मुंबई के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक समीर वानखेड़े थे। बताया जा रहा है कि समीर वानखेड़े ने 1997 में दायर लाइसेंस आवेदन में अपनी उम्र को गलत तरीके से पेश किया था। जिसके बाद ठाणे के डीएम ने कार्रवाई करते हुए सद्गुरु होटल और बार को दिए गए लाइसेंस को रद्द कर दिया। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और एनसीपी के वरिष्ठ नेता नवाब मलिक समीर वानखेड़े पर कई आरोप लगाते रहे हैं। ड्रग्स केस में नवाब मलिक के दामाद समीर खान के फंसने के बाद से ही नवाब मलिक और समीर वानखेड़े के बीच आपसी मतभेद और बयानबाजी जारी है। नवाब मलिक ने आरोप लगाया था कि IRS अधिकारी समीर वानखेड़े के पास बार का लाइसेंस है। मलिक ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के पूर्व मुंबई प्रमुख समीर वानखेड़े के खिलाफ केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड को इस संबंध में शिकायत की थी।
