धनतेरस से पहले सस्ता हुआ सोना
इस हफ्ते शनिवार को धनतेरस का त्योहार है और इससे पहले वायदा बाजार के साथ-साथ रिटेल सर्राफा बाजार में भी रौनक देखी जा रही है, आज सोने के दाम में हालांकि कमजोरी के साथ ही कारोबार देखा जा रहा है। आज सोने के कारोबार की शुरुआत 50397 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर हुई और ये ऊपर में 50401 रुपये के रेट तक गया था। वहीं नीचे में सोने के दाम 50290 रुपये प्रति 10 ग्राम तक देखे गए थे। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना आज गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। सोने में 100 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा की कमजोरी बनी हुई है। आज एमसीएक्स पर सोने का दिसंबर वायदा 111 रुपये या 0.22 फीसदी की गिरावट के साथ 50303 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर कारोबार कर रहा है। इसमें 50290-50310 रुपये के बीच ज्यादातर कारोबारी रुझान देखा जा रहा है।
