ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की हालत अभी भी नाजुक, नहीं आया कोई बदलाव
हेलिकॉप्टर हादसे में जीवित बचे वायुसेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की हालत 72 घंटे बाद भी नाजुक बनी हुई है। बेंगलुरु के कमांड अस्पताल में उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है। एयर फोर्स के अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार या बड़ी गिरावट नहीं देखी गई है। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कैप्टन के घरवालों से फोन पर बातचीत कर उन्हें हर तरह की मदद का आश्वासन दिया। राजनाथ सिंह ने वरुण सिंह के परिजनों से कहा कि देश हर तरह से मदद के लिए तैयार है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि वरुण को बेस्ट चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। वहीं, परिजनों ने भी वरुण के इलाज पर संतोष जताया है। कमान अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, वरुण की हालत नाजुक बनी हुई है। उनकी हालत को देखते हुए एक विषेश टीम उनकी निगरानी कर रही है। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की सलामती के लिए देश दुआ कर रहा है।
