गुजरात : दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेंगे भूपेंद्र पटेल
गुजरात विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अहमदाबाद में रोड शो किया। रोड शो के दौरान पीएम मोदी ने जनता का आभार जताया। वहीं गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में भाजपा के भूपेंद्र पटेल आज दूसरी बार शपथ ग्रहण करेंगे। पीएम मोदी इस समारोह शिरकत करने के लिए अहमदाबाद पहुंचे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शपथग्रहण समारोह में शामिल होंगे। पार्टी नेता भूपेंद्र पटेल 20 अन्य कैबिनेट मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
गौरतलब है कि 1960 में राज्य की स्थापना के बाद से गुजरात में भाजपा की लगातार सातवीं विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी जीत है। गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने भी इतिहास रचा। उन्होंने घाटलोडिया निर्वाचन क्षेत्र में लगभग 1,92,000 मतों के रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की। 2017 के पिछले विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 99 सीटों पर जीत हासिल की थी, कांग्रेस 77 पर रह गई थी और एनसीपी, बीटीपी और निर्दलीय उम्मीदवारों ने क्रमशः 1, 2 और 3 सीटें हासिल की थीं।
