हरियाणा सरकार ने कोरोना प्रतिबंधों में दी ढील, आदेश जारी
हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को राज्य में कोविड-19 से संबंधित कुछ प्रतिबंधों में ढील दी और सीटों की 50 प्रतिशत क्षमता के साथ सभी सिनेमा हॉल, थिएटर और मल्टीप्लेक्स खोलने की अनुमति दी। एक सरकारी आदेश में यह जानकारी दी गई। इससे पहले राज्य में कोरोना वायरस की वजह से कई तरह के प्रतिबंध लगाए गए थे।
हरियाणा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी सिनेमा हॉल, थिएटर, मल्टीप्लेक्स को 50 प्रतिशत सीटों की क्षमता के साथ खोलने की अनुमति दे दी गयी है। इस दौरान ये भी निर्देश दिए गए है कि आवश्यक सामाजिक दूरी, नियमित साफ-सफाई और कोविड-19 उपयुक्त व्यवहार मानदंडों का पालन करना अनिवार्य होगा।
बता दें कि हरियाणा में अब तक 9 लाख से ज्यादा कोरोना वायरस के केस आ चुके हैं और 10 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। कोविड19 की वजह से राज्य में सिनेमा हॉल, थिएटर, मल्टीप्लेक्स, जिम और स्कूल लंबे समय तक बंद रहे। हालांकि केस कम होने के बाद धीरे-धीरे सभी चीजों में ढील दी गई है।
