चेन्नई में भारी बारिश से जलमग्न हुआ शहर, स्कूल-कॉलेज भी हुए बंद
चेन्नई में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। सड़कों से लेकर घर तक जल मगन हो गए है। इस बीच मौसम विभाग ने चेन्नई में अगले 2 दिन तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते तमिलनाडु के कई जिलों में आज और कल स्कूल-कॉलेज भी बंद रहेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण आंध्र प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु तट के पास पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। जिसके प्रभाव से एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की उम्मीद है, जो उत्तर-पश्चिम दिशा में तमिलनाडु तट की ओर बढ़ेगा। बंगाल की खाड़ी से तमिलनाडु के समंदर तक साइक्लोनिक प्रेशर के कारण मौसमी गतिविधियां बदल रही हैं। जिसका असर आंध्र प्रदेश एवं पुडुचेरी में भी दिखाई दे रहा है। साइक्लोनिक प्रेशर के प्रभाव से तमिलनाडु समेत दक्षिण के कई राज्यों में नवंबर के महीने में भारी बारिश के साथ चेन्नई में बाढ़ जैसे स्थिति बन गई है। चेन्नई में बीते दो दिन से हो रही बारिश से हालात इतने बिगड़ गए कि शहर के कई हिस्से पानी-पानी हो गए हैं। जिसके चलते यातायात भी प्रभावित है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन से बाचतीत की और राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश के के मद्देनजर स्थिति पर चर्चा की है। साथ ही पीएम मोदी ने बचाव एवं राहत कार्य में केंद्र से सभी संभव सहायता का आश्वासन भी दिया। मौसम विभाग की ओर से कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए एनडीआरएफ की टीमों को तैयार रखा गया है वहीं, भारी बारिश के चलते शिक्षा विभाग ने प्रभावित जिलों के स्कूलो-कॉलेजों में दो दिन की छुट्टी की घोषणा कर दी है। वहीं, पुडुचेरी में भी बारिश से बिगड़े हालात को देखते हुए दो दिन यानी 8-9 नवंबर को स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।
