हिमाचल के गवर्नर के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, लखनऊ एयरपोर्ट से राजभवन की ओर जा रहे थे गवर्नर
हिमाचल प्रदेश के गवर्नर शिव प्रताप शुक्ला के काफिले का मंगलवार सुबह लखनऊ में एक्सीडेंट हो गया। काफिले में चल रही एम्बुलेंस समेत तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। गवर्नर लखनऊ एयरपोर्ट से राजभवन जा रहे थे, उनके साथ ADC टी साईं दत्तात्रेय वर्मा और PSO नीरज शर्मा भी थे।
सुबह साढ़े 8 बजे, शहीद पथ पर अचानक एक ऑटो काफिले में घुस गया, जिसके बाद इमरजेंसी ब्रेक लगाए गए और हादसा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे। ADCP राजेश यादव ने बताया कि राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल बिल्कुल ठीक हैं, हालांकि पुलिस की दो गाड़ियां और एक एम्बुलेंस क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में ACP गाजीपुर और पुलिस की गाड़ी में बैठे दो जवान मामूली रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद शहीद पथ पर लंबा जाम लग गया, और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को साइड किया गया। गवर्नर का काफिला लखनऊ एयरपोर्ट से शहीद पथ के रास्ते आगे बढ़ रहा था जब यह हादसा हुआ। गवर्नर शुक्ला लखनऊ में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे।
