हिमाचल प्रदेश : भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रहे चरणजीत सिंह का हुआ निधन

भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रहे ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अर्जुन अवार्डी और पदमश्री चरणजीत सिंह का गुरुवार को निधन हो गया। उन्होंने ऊना में अपने घर पर सुबह पांच बजे अंतिम सांस ली। बता दें कि शाम चार बजे स्वर्गधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। भारतीय हॉकी टीम की कमान संभालते हुए ऊना के मैड़ी के रहने वाले चरणजीत सिंह ने देश को ओलंपिक में स्वर्ण पदक दिलवाया था।
उनके निधन पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शोक प्रकट किया है। उन्होंने ट्ववीट कर कहा, "ऊना से संबंध रखने वाले पूर्व हॉकी खिलाड़ी और 1964 ओलंपिक खेलों में भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रहे, पद्मश्री व अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित चरणजीत सिंह जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। हिमाचल का गौरव बढ़ाने में उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकग्रस्त परिवार को संबल प्रदान करें।"
गौरतलब है कि ऊना के मैड़ी में 3 फरवरी 1931 को जन्मे चरणजीत सिंह ने टोक्यो ओलंपिक 1964 में इतिहास रचा था। उनकी अगुवाई में भारतीय टीम ने इस ओलंपिक में स्वर्ण जीता था। चरणजीत सिंह हिमाचल के एक ही ऐसे खिलाड़ी है जिन्होंने ने भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी संभाली है। टोक्यो ओलंपिक 1964 में ऊना के चरणजीत सिंह को टीम इंडिया की कप्तानी मिली थी। टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए इस ओलंपिक में देश को गोल्ड मेडल दिलाया था।