Himachal Pradesh News : अटल टनल में बर्फबारी का दौर लगातार जारी, प्रदेश की 45 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के अटल टनल में लगातार बर्फबारी हो रही है। रोहतांग दर्रा व बारालाचा में भारी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी से नेशनल हाईवे-505 ग्रांफू से लोसर, नेशनल हाईवे-03 दारचा से सरचू समेत 45 सड़कें बंद हो गई हैं। प्रदेशभर में 164 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप हो गए हैं। कड़ाके की ठंड में लोगों को बिजली के बिना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तीन दिन से खराब चल रहे मौसम से जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति में दुश्वारियों के साथ जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। बर्फबारी के कारण अटल टनल में निगम की बसों के साथ पर्यटकों की आवाजाही बंद कर दी गई है। पुलिस ने सिर्फ स्थानीय लोगों को फोर बाई फोर वाहनों की अनुमति दी है। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से कुल्लू-मनाली के विंटर सीजन को बढ़ावा मिलेगा। बता दें कि छह दिसंबर तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। राजधानी शिमला में ठंडक बढ़ गई है। जलोड़ी दर्रा के साथ माता बूढ़ी नागिन के कपाट पांच माह के लिए बंद कर दिए गए हैं।
