आज दिल्ली रवाना होंगे कांग्रेस के तीन दिग्गज नेता, संगठन के गठन को लेकर हाईकमान से चर्चा संभव

हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री आज दिल्ली रवाना होंगे और कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में भाग लेंगे, जहां "संविधान बचाओ अभियान" पर चर्चा होगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस दौरे के दौरान ये तीनों नेता कांग्रेस हाईकमान के साथ प्रदेश संगठन बनाने को लेकर भी चर्चा कर सकते है, क्योंकि अब कांग्रेस कार्यकर्ताओ की नाराज़गी खुले मंच से सबके सामने आने लगी है। जिसकी कुछ तस्वीरें बीते कल बिलासपुर से देखने को मिली थी। दरअसल बीते कल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह बिलासपुर दौरे पर थीं, जहां कार्यकर्ताओं की नाराजगी के आंसू छलक पड़े। बैठक के दौरान, कई नेताओं ने संगठन की वर्तमान स्थिति पर निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि छह महीने से अधिक समय से प्रदेश में संगठन का गठन नहीं हुआ है, जिससे कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है। कुछ नेताओं ने जिलाध्यक्षों की अनुपस्थिति को लेकर कार्यकर्ताओं को "अनाथ" तक कह डाला। इस घटना ने पार्टी के भीतर की कलह को उजागर कर दिया है, और अब दिल्ली में होने वाली बैठकों में इस मुद्दे का समाधान खोजना एक बड़ी चुनौती है। वैसे कल बिलासपुर में हुई हलचल के बाद, कांग्रेस हाईकमान के लिए प्रदेश में संगठन को खड़ा करना एक बड़ी चुनौती बन गया है। यदि संगठन के गठन में और देरी होती है, तो इसके परिणाम कांग्रेस के लिए अच्छे नहीं होंगे, क्योंकि इस साल दिसंबर में पंचायती राज चुनाव भी होने हैं।