Vidya Stokes : हिमाचल की एक मात्र महिला नेता प्रतिपक्ष

विद्या स्टोक्स। इस नाम के साथ यूं तो कई उपलब्धियां जुड़ी हैं, लेकिन इन तमाम उपलब्धियों में एक ऐसी उपलब्धि है जो उन्हें अद्वितीय बनाती है। विद्या स्टोक्स हिमाचल प्रदेश विधानसभा की इकलौती ऐसी महिला नेता हैं जो नेता प्रतिपक्ष के पद तक पहुंची हैं।
जी हां, आज तक इस प्रदेश के इतिहास में नेता विपक्ष की कुर्सी पर कोई और महिला नहीं पहुंची। विद्या स्टोक्स इकलौती थीं जिन्होंने इस मुकाम तक का सफर तय किया।
वर्ष 1990 में जब कांग्रेस विपक्ष में आई, पार्टी ने इस पद की जिम्मेदारी एक महिला को सौंपी। और तब से लेकर आज तक कोई दूसरी महिला उस स्तर तक नहीं पहुंच सकी। यह केवल एक पद नहीं था, यह उस सोच का प्रतीक था कि महिलाएं सिर्फ सत्ता की साथी नहीं, सच्ची विपक्ष की भी आवाज बन सकती हैं। फिर वर्ष 2008 में जब एक बार फिर कांग्रेस विपक्ष में आई, स्टोक्स को दोबारा वही जिम्मेदारी सौंपी गई।
उन्होंने दोनों बार इस भूमिका को पूरे आत्मविश्वास और गरिमा के साथ निभाया। आज जब हम हिमाचल की विधानसभा की ओर देखते हैं तो महिलाएं गिनी चुनी दिखाई देती हैं। हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री पद अब भी पुरुषों के अधीन है। सत्ता पक्ष और विपक्ष की कमान भी अधिकतर पुरुषों के ही हाथ में रही है।
महिलाओं को लेकर बड़े बड़े दावे तो भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल करते हैं, मगर जब बात महिला नेतृत्व की आती है तो परिस्थिति कुछ और ही नजर आती है।