यूपी दौरे पर गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के आला पदाधिकारियों के साथ चुनाव पर होगा मंथन
विधानसभा चुनावों का बिगुल बजने के बाद तमाम पार्टियां अपने चुनावी अभियान में जोर शोर से जुट गयी है। इस बीच आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यूपी विजय के मिशन पर राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। अमित शाह यहां बीजेपी सदस्यता अभियान को हरी झंडी दिखाएंगे और चुनाव को लेकर पार्टी के आला पदाधिकारियों के साथ मंथन करेंगे। गृहमंत्री अमित शाह आज लखनऊ में प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में सम्भावित उम्मीदवारों को लेकर किये गए आंतरिक सर्वे पर भी चर्चा होगी, जिसके आधार पर आगे उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया जाएगा। अमित शाह के सामने एक बार फिर यूपी में बीजेपी की जीत का रोडमैप बनाने की बहुत बड़ी चुनौती है। ये काम उन्होंने शुरू कर दिया है। अपने पिछले दौरे में शाह ने मिर्ज़ापुर में विंध्याचल कॉरिडोर का शिलान्यास किया था। इस बार के दौरे में उन्हें यूपी विजय की नींव रखनी है। पांच सालों में यूपी में हालत बहुत बदल चुके हैं। चुनावी राजनीति के खेल और उसके नियम भी बदले है। पिछली बार अखिलेश सरकार के खिलाफ लोगों ने बीजेपी को झोली भर कर वोट दिए थे। इस बार बीजेपी को अपने काम के नाम पर वोट मांगना है।
