देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 1 हजार 321 नए मामले आए सामने
भारत में कोरोना संक्रमण का कहर अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 1 हजार 321 नए मामले सामने आए और नौ संक्रमितों ने अपनी जान गंवा दी। इसके बाद से कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4 करोड़ 46 लाख 57 हजार 149 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 1457 मरीज ठीक भी हुए हैं। इसी के साथ कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 16 हजार 098 रह गई। देश में अबतक करीब 220 करोड़ कोरोना वैक्सीन के डोज दिए जा चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 1 लाख 64 हजार 567 ने कोरोना से बचाव करने के लिए वैक्सीन ली। ये आंकड़ा पिछले दिन से लगभग 50 हजार ज्यादा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह जारी नए आंकड़ों के अनुसार, भारत में बीते दिन कोरोना से 9 मरीजों की मौत होने से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 5 लाख 30 हजार 452 पहुंच गई। इन 9 मौत में केरल के 5 लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का दोबारा मिलाते हुए हुए वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में जोड़े गए हैं। 24 घंटे में संक्रमण से मौत के चार मामले सामने आए हैं, उनमें महाराष्ट्र के दो, मध्य प्रदेश व पश्चिम बंगाल के एक-एक मरीज शामिल हैं।
