प्रदूषण के कारण पोस्ट कोविड रोगियों की बढ़ी मुश्किलें
हवा प्रदूषित होने के कारण पोस्ट कोविड रोगियों में जटिलताएं बढ़ रही हैं। उन्हें सेकेंडरी संक्रमण हो रहे हैं। इसके साथ ही जांच में खुलासा हो रहा है कि इन रोगियों के शरीर में कार्बन डाई आक्साइड बढ़ रही है। सांस रोगियों पर प्रदूषण भारी पड़ रहा है। कोविड लॉकडाउन में प्रदूषण कम होने से इन रोगियों को राहत रही है, लेकिन अब दिक्कतें बढ़ गई हैं। अस्थमा रोगियों को प्रदूषण के कारण दिक्कत बढ़ रही है। इसके साथ ही पोस्ट कोविड रोगी जिनके फेफड़े सामान्य स्थिति में आ रहे थे, उन्हें भी दिक्कत हो गई है। सांस फूलने के अलावा कुछ रोगियों में निमोनिया की भी परेशानी है। इस स्थिति में बुजुर्ग, बच्चे तथा सीओपीडी और अस्थमा रोगी खास एहतियात बरतने की आवश्कता है। वायु मंडल में बढ़ रहा प्रदूषण लोगों के शरीर का ऑक्सीजन लेवल घटा रहा है। इससे क्रोनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज के रोगियों की जान पर बन आई है। प्रदूषण के कारण सीओपीडी अटैक से दो रोगियों की मौत हो गई।
