चक्रवाती तूफान 'जवाद' के मद्देनजर रेलवे ने 3 और 4 दिसंबर के लिए रद्द की 95 ट्रेनें, आंध्र प्रदेश से उओडिशा तक अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार को साइक्लोन 'जवाद' के आने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 12 घंटे में अंडमान सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। 2 दिसंबर को यह गहरे दबाव में तब्दील होगा जो 4 दिसंबर की सुबह आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों से टकरा सकता है। चक्रवात के कारण दक्षिण बंगाल के लगभग सभी जिलों में बहुत तेज बारिश होने की संभावना है। जिसके मद्देनजर पश्चिम बंगाल सरकार ने किसानों को अभी ही खेतों में पड़े मकई को काटने और बांधने की चेतावनी जारी की है, क्योंकि तेज बारिश से फसलों को ज्यादा नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग की मानें तो तूफान का असर छत्तीसगढ़ पर भी पड़ सकता है। वहीं आईएमडी के मृत्युंजय महापात्र ने 3 दिसम्बर से ओड़िशा के तटीय जिले में बारिश होने की जानकारी दी है। उन्होंने समुद्र में जाने वाले सभी मछुआरों को 2 दिसंबर तक वापस आ जाने के लिए अनुरोध किया है। वहीं चक्रवात 'जवाद' के खतरे को देखते हुए रेलवे ने एहतियाती उपाय और यात्रियों की सुरक्षा के लिए कई ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है। यह ट्रेनें 3 और 4 दिसंबर के लिए रद्द कर दिया गया है।
