लद्दाख के गोगरा हॉट स्प्रिंग्स से सोमवार तक पूरी तरह हट जाएगी भारत-चीन की सेना
लद्दाख के गोगरा-हॉट स्प्रिंग्स से भारतीय और चीनी सैनिकों की वापसी सोमवार तक पूरी हो जाएगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक बयान में कहा कि दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए हैं कि क्षेत्र में बनाए गए सभी अस्थायी ढांचे और अन्य संबद्ध बुनियादी ढांचों को तोड़ा जाएगा और पारस्परिक रूप से सत्यापित किया जाएगा। प्रवक्ता बागची ने कहा कि समझौता सुनिश्चित करता है कि इस क्षेत्र में वास्तविक नियंत्रण रेखा या एलएसी का दोनों पक्षों द्वारा कड़ाई से पालन और सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यथास्थिति में कोई एकतरफा बदलाव नहीं होगा। बता दें कि भारत और चीन के बीच 16वें दौर की कोर कमांडर स्तर की वार्ता 17 जुलाई को हुई थी। इससे पहले दोनों पक्ष मार्च में बातचीत के लिए मिले थे। बता दें कि भारत और चीन गलवान क्षेत्र से अब तक अलग होने में सफल रहे हैं, जहां जून 2020 में दोनों पक्षों के सैनिकों के बीच भयंकर झड़प हुई थी। इस झड़प में 20 भारतीय सैनिकों ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी।
