त्योहारों में महंगाई झटका: डिपो में दाल चना दो, माश छह रुपये हुई महंगी
खाद्य तेल के बाद अब राशन के डिपुओं में मिलने वाली दालें भी महंगी हो गई हैं। दालों की कीमतों में दो से छह रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। एनएफएसए कार्ड धारकों को इस बार दाल चना 37 रुपये प्रतिकिलो की जगह 39 रुपये, जबकि दाल माश 54 की जगह 60 रुपये प्रतिकिलो मिलेगी। एपीएल कार्ड धारकों को दाल चना 47 के बजाय 49 रुपये, माह की दाल 64 के बजाय 70 रुपये प्रतिकिलो मिलेगी। एपीएल करदाताओं को दाल चना 70 के बजाय 72 और माश की दाल 88 के बजाय 94 रुपये प्रतिकिलो मिलेगी। बढ़ी कीमतें इसी माह से लागू होंगी।
हालांकि इस माह में प्रदेश भर की उचित मूल्यों की दुकानों में अभी दालों का वितरण नहीं हो पाया है, जिससे उपभोक्ता पहले ही परेशान हैं। दिवाली पर इस बार प्रति व्यक्ति 100 ग्राम अतिरिक्त चीनी का कोटा भी नहीं मिला। प्रदेश सरकार ने दिवाली से पहले ही प्रदेश की 70 लाख आबादी को महंगाई के रूप में जोर का झटका दिया है। इससे पूर्व राज्य सरकार खाद्य तेल और रिफाइंड की कीमतों में 15 से लेकर 37 रुपये प्रति लीटर की दर से इजाफा कर चुकी है।
