नौवीं से 12वीं कक्षा के पाठ्यक्रम में छात्रों को दी जाएगी एचआईवी से सुरक्षा संबंधी जानकारी
नौवीं से 12वीं कक्षा के पाठ्यक्रम में एचआईवी से सुरक्षा संबंधी जानकारी स्कूलों में बच्चों को दी जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य सचिव ने नौवीं से 12वीं कक्षा के पाठ्यक्रम में एचआईवी से सुरक्षा संबंधी अध्याय शामिल करने के लिए उच्च शिक्षा विभाग को निर्देश दिए है। बता दें की प्रदेश सरकार ने वर्ष-2030 तक हिमाचल को एचआईवी उन्मूलन करने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि वर्ष-2030 तक एचआईवी को समाप्त करने के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने कहा कि किशोरों और युवाओं को एचआईवी से संबंधित सही जानकारी उपलब्ध करवाना महत्वपूर्ण है। इसमें रेड रिबन क्लब अपनी अहम भूमिका निभा सकते हैं। राज्य के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में 259 रेड रिबन क्लब हैं। स्वास्थ्य विभाग ने उच्च शिक्षा विभाग, तकनीकी शिक्षा, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय और हिमाचल प्रदेश राज्य निजी शैक्षणिक संस्थान नियामक आयोग को अपने अपने संस्थानों में रेड रिबन क्लब गठित करने और इनके माध्यम से जागरूकता गतिविधियां करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सचिव ने युवा सेवाएं एवं खेल विभाग को शैक्षणिक संस्थानों में युवा महोत्सव के दौरान एचआईवी के प्रति जागरूकता लाने को कहा। भारतीय प्रशासनिक सेवाएं अधिकारी रूपाली ठाकुर की अध्यक्षता में एक समिति का भी गठन किया गया। इस समिति में पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, शिक्षा, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य और युवा सेवाएं एवं खेल विभाग से सदस्य शामिल किए जाएंगे।
