जयराम ठाकुर का आरोप: भ्रष्टाचारियों को पुरस्कृत कर रही है सुखविंदर सरकार

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वर्तमान सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार भ्रष्टाचार के आरोपियों को पुरस्कृत करने में लगी है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा निगम के महाप्रबंधक विमल नेगी की संदिग्ध मौत मामले में जिन आरोपितों के खिलाफ जांच चल रही थी, सरकार ने उन्हें बचाने के लिए हर संभव कोशिश की और आरोपियों को फिर से अहम पदों पर तैनात कर दिया। जयराम ठाकुर ने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री ने स्व. विमल नेगी की पत्नी को इंसाफ दिलाने का वादा किया था, तो अब आरोपियों को पुरस्कृत कर मुख्यमंत्री उनसे कैसे नज़रें मिलाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों ने इस मामले में न्याय की मांग की या मुख्यमंत्री के इशारे पर काम नहीं किया, उन्हें दंडित किया गया, चाहे वे वरिष्ठ आईएएस हों या आईपीएस अधिकारी।
ठाकुर ने बिजली बोर्ड और ऊर्जा निगम में फैली अनियमितताओं को उजागर करने वाले कर्मचारियों और इंजीनियर एसोसिएशंस के पदाधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई को सरकार की असंवेदनशीलता बताया। उनका कहना था कि इन आरोपों की कोई गंभीर जांच नहीं की गई, जिससे सरकार की नीयत पर सवाल उठते हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा, “यह प्रदेश की पहली सरकार है जो भ्रष्टाचार के आरोपियों को बचाकर उन्हें अहम पदों पर तैनात करती है। इस तरह के ‘व्यवस्था परिवर्तन’ ने आम जनता का सरकार पर भरोसा खत्म कर दिया है। जो भी भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे दंडित किया जा रहा है, जो प्रदेश के लिए घातक साबित होगा।” अंत में जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री से अपील की कि वे भ्रष्टाचार के आरोपों की गंभीरता से जांच कराएं और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वालों का मनोबल न तोड़ें।