कांग्रेस का वाकआउट, सीएम का पलटवार, बोले आउटसोर्स होने वाली है कांग्रेस
शिमला. विधानसभा के बजट सत्र में वीरवार को एक बार फिर विपक्ष ने हंगामा कर वाकआउट किया। दरअसल नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने विपक्ष के काम रोको प्रस्ताव को स्वीकार न करने पर आपत्ति जताई और वे इस पर चर्चा करवाने पर अड़े रहे। प्रस्ताव की नामंजूरी पर विपक्ष के सदस्यों ने सदन में सरकार के खिलाफ नारे लगाए और वाकआउट कर दिया।
उधर कांग्रेस के वाकआउट के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्ष पर जमकर प्रहार किये। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व का संकट है और हालत ये है कि सीपीएम वाले इन्हें बता रहे थे कि कैसे नारेबाजी करनी है। लगता है इन्होंने अपनी पार्टी सीपीएम को आउटसोर्स कर दी है। सीएम ने तंज कस्ते हुए कहा कि पुरे देश में कांग्रेस पार्टी ही आउटसोर्स होने वाली है। अपने भाषण के दौरान सीएम ने सदन से कर्मचारियों से भी अपील की। सीएम ने कहा कि कर्मचारी अपनी मांग को शांतिपूर्वक तरीके से रखें। उन्होंने आश्वस्त किया कि वर्तमान सरकार कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील है। सरकार ने वह सब कुछ किया है, जो संभव है। इस बीच आर्थिक सर्वेक्षण पेश करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जानकारी दी कि हिमाचल प्रदेश की विकास दर 8.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
