जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़, एक आतंकी ढ़ेर
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हो गई है जिसमें एक आतंकी मारा गया है। अरवानी इलाके में जवान तैनात हैं और इलाके को पूरी तरह घेर लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस और सुरक्षा बल जैसे ही आतंकियों के करीब पहुंचे तो आतंकियों ने फायरिंग कर दी जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। वहीं इस कार्रवाई में एक आतंकी के ढेर होने की खबर है। पुलिस अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की है कि सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच फायरिंग अब भी जारी है।
बता दें, बीते दिनों जम्मू-कश्मीर में आतंकी वारदातों में काफी तेजी आयी है। आतंकी लगातार आम लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं वहीं पुलिस के जवानों पर भी हमला कर रहे हैं। बीते बुधवार कश्मीर घाटी में हुए दो आतंकी हमलों में एक शख्स की मौत हो गई तो वहीं एक अन्य हमले में पुलिस का जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
