जम्मू कश्मीर : बांदीपुरा जिले में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, दो आतंकी ढेर
जम्मू कश्मीर के बांदीपुरा जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को मार गिराया है। मारे गए आतंकियों में एक बीजेपी नेता की हत्या का आरोपी भी शामिल है। मारे गए आतंकियों के पास के भारी मात्रा में गोला बारूद भी बरामद हुआ है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों ने उत्तरी कश्मीर में बांदीपुरा के वटनीरा इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद इलाके की घेराबंदी की और तलाश अभियान चलाया था।
उन्होंने बताया कि तलाश अभियान के दौरान तब मुठभेड़ शुरू हो गयी जब आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ स्थल से हथियार और गोला बारुद समेत अन्य सामग्री बरामद हुई है और इलाके में तलाश अभियान अभी जारी है।
