जम्मू-कश्मीर: पूंछ-मेंढर सेक्टर में हुई मुठभेड़ में दो और सैनिक शहीद, अब तक नौ जवान वीरगति को हुए प्राप्त
जम्मू-कश्मीर के पूंछ-मेंढर सेक्टर में आतंकियों से हुई मुठभेड़ में दो और सैनिकों वीरगति को प्राप्त हो गए हैं। सेना की जम्मू स्थित 'वाइट-नाइट' (16वीं) कोर ने 14 अक्टूबर को हुए एनकाउंटर के बाद से लापता जेसीओ और एक अन्य सैनिक के शव शनिवार को बरामद करने के बाद दोनों की मौत की घोषणा की। अब कुल मिलाकर इस ऑपरेशन में शहादत प्राप्त करने वाले सैनिकों की संख्या 9 हो गई है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक जिन दो सैनिकों की शहादत हुई है उनकी पहचान सूबेदार अजय सिंह और नायक हरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। दोनों ही सैनिक मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं।
जानकारी के मुताबिक 14 अक्टूबर की शाम को जिस आतंकियों के ग्रुप से मेंढर के नरकस जंगल में मुठभेड़ हुई थी, उसमें उत्तराखंड के ही दो अन्य सैनिक, विक्रम सिंह नेगी और योगंबर सिंह की मौत हो गई थी। इस मुठभेड़ के बाद से ही सूबेदार अजय सिंह और नायक हरेंद्र सिंह लापता थे और कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था। शनिवार की शाम को दोनों के शवों को भी एक लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद घने जंगल से ढूंढ निकाला गया है।
जानकारी के मुताबिक आतंकियों का ये दल पाकिस्तान से एलओसी पर घुसपैठ कर भारतीय सीमा में दाखिल हुआ है। आतंकियों को पाकिस्तानी सेना की स्पेशल फोर्स, एसएसजी यानि स्पेशल सर्विस ग्रुप जैसी ट्रैनिंग मिला हुई लगती है। ये आतंकी दल ठीक वैसा है जैसा कि पाकिस्तान की बॉर्डर एक्शन टीम यानि बैट टीम होती है. पाकिस्तान की बैट टीम में एसएसजी कमांडो और आतंकी दोनों शामिल होते हैं।
