कांगड़ा: उचित मूल्य की दुकानों पर राशन की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित
जिला कांगड़ा में हिमाचल प्रदेश राज्य विशेष अनुदानित योजना के अंतर्गत दालों एवं खाद्य तेल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड के थोक भंडारों में इन आवश्यक खाद्य वस्तुओं का पर्याप्त भंडार होने के साथ-साथ जिले की सभी उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से पात्र उपभोक्ताओं को इनकी नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
यह जानकारी जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, कांगड़ा पुरुषोत्त्म ने देते हुए बताया कि नवंबर माह में 21 नवंबर तक जिले की 1,165 उचित मूल्य की दुकानों को निगम के थोक गोदामों के माध्यम से 5,904 क्विंटल दालों की आपूर्ति की जा चुकी है। वर्तमान में निगम के थोक भंडारों में लगभग 3,453 क्विंटल दालों का अतिरिक्त स्टॉक उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि इसी अवधि के दौरान जिले की उचित मूल्य की दुकानों को 5,61,516 लीटर खाद्य तेल की आपूर्ति की गई है, जबकि निगम के थोक भंडारों में लगभग 2,73,238 लीटर खाद्य तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है। इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न थोक गोदामों में आटा, चावल, नमक एवं चीनी भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा में वर्तमान में कुल 1,165 उचित मूल्य की दुकानें कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली तथा राज्य विशेष अनुदानित योजना के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक खाद्य वस्तुएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं
उन्होंने कहा कि राज्य विशेष अनुदानित योजना के तहत उपभोक्ताओं को दालें, नमक, चीनी एवं खाद्य तेल खुले बाजार की तुलना में काफी कम कीमतों पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इससे आम लोगों को घरेलू बजट में राहत मिल रही है। योजना के अंतर्गत चना दाल, उड़द दाल, मलका दाल, नमक, चीनी और खाद्य तेल पर उपभोक्ताओं को बाजार दरों के मुकाबले उल्लेखनीय बचत हो रही है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा जिले में आवश्यक खाद्य वस्तुओं की उपलब्धता और नियमित आपूर्ति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है, ताकि सभी पात्र उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा एवं दरों पर समयबद्ध तरीके से राशन उपलब्ध हो सके। जिले में खाद्य वस्तुओं की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
