अभी मेहंदी का रंग भी फीका नहीं पड़ा और शहीद हुआ फौजी पति

- वीरभूमि हिमाचल का एक और लाल बलिदान
- नाहन के मनीष ठाकुर ने देश सेवा में सर्वोच्च बलिदान दिया, सिक्किम में मिली शाहदत
वीर भूमि हिमाचल प्रदेश का एक और वीर सपूत देश की रक्षा में बलिदान हो गया सिरमौर जिले के नाहन उपमंडल के बड़ाबन गांव का बेटा मनीष ठाकुर ने देश सेवा में सर्वोच्च बलिदान दिया। वर्तमान में मनीष ठाकुर सिक्किम में बतौर लांस नायक थ्री-डोगरा युनिट में अपनी सेवाएं दे रहे थे। 27 वर्षीय मनीष ने ड्यूटी निभाते हुए वीरगति हासिल की है। माना जा रहा है कि मनीष की जान भीषण बाढ़ या भूस्खलन जैसे कठिन परिस्थितियों के कारण हुई है। बताया जा रहा है मनीष सिक्किम के छत्ते गांव में ड्यूटी पर तैनात थे और रविवार शाम करीब 7.30 बजे एवलांच की चपेट में आ गए।
उधर, मनीष की शहादत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मनीष की नविवाहिता बेसुध हो गई। जिन हाथों से अभी मेहंदी का रंग भी नहीं छूटा था, उसी सुहागन का सुहाग उजड़ गया। तीन महीने पहले ही शहीद मनीष की शादी हुई थी और अब शहादत की खबर आ गई। मनीष अपने पीछे पत्नी तनु, माता और पिता को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।
फिलहाल शहीद मनीष की पार्थिव देह उनके घर नहीं पहुंची है। म मनीष की पार्थिव देह आज हेलिकॉप्टर से चंडीगढ़ तक लाई जा रही है। अगर मौसम बाधा नहीं बना तो शाम तक शहीद की पार्थिव देह उनके घर पहुंचने की उम्मीद है।