मध्य प्रदेश: भोपाल के हमीदिया अस्पताल में लगी आग, 4 नवजात बच्चों की हुई मौत
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्पताल में सोमवार रात करीब 9 बजे भीषण आग लग गई, जिसमें 4 नवजात बच्चों की मौत हो गई है। आग कमला नेहरू बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर स्थित चिल्ड्रन वार्ड में लगी, जहां 40 बच्चे भर्ती थे। दरअसल हमीदिया अस्पताल के चिल्ड्रन वार्ड में रात करीब 9 बजे आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 3 घंटे की मेहनत के बाद रात साढ़े 12 बजे फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने आग पर काबू पाया है। हादसे के बाद चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री विश्वास सारंग भी देर रात मौके पर पहुंचे और बताया कि चिल्ड्रन वार्ड में 40 बच्चे भर्ती थे, जिनमें 36 को सुरक्षित निकाल लिया गया है। 4 बच्चों को नहीं बचाया जा सका। मृतक बच्चों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
