चम्बा जिले में नाले में बहने से व्यक्ति की मौत, चंडीगढ़-मनाली हाईवे भूस्खलन के कारण फिर हुआ बंद

प्रदेश में बरसात के मौसम में कुदरत का कहर लगातार बरप रहा है। हिमाचल प्रदेश में लगातार भूस्खलन के मामले सामने आ रहे है। वंही एक बार फिर चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे भूस्खलन के चलते बंद हो गया है। जानकारी के अनुसार मंडी और कुल्लू के बीच भूस्खलन की वजह से रात लगभग 12 बजे से नेशनल हाईवे फिर बंद हो गया है। चंबा जिले में भी भूस्खलन से पांच सड़कें बंद हो गई है। वहीं, बाया कटोला मंडी-कुल्लू मार्ग पर भारी जाम लग गया। हाईवे बंद होने के चलते इस मार्ग पर भारी ट्रैफिक लोड से कई किलोमीटर लंबी लाइन गई।
उधर, चंबा जिले के तुन्नूहट्टी-ककीरा मार्ग पर देररात भारी बारिश नाले में बढ़े जलस्तर की वजह से एक व्यक्ति की बहने से मौत हो गई। म़ृतक की पहचान कर्म चंद पुत्र जीतो राम निवासी लड़ेरा के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची बकलोह पुलिस की टीम ने शव को कब्जे में लेकर डलहौजी अस्पताल पहुंचाया। हादसे की पुष्टि एसपी चंबा अरुल कुमार ने की है।