आसमानी आफत के आगे देश के कई राज्य बेबस और लाचार
देश के कई राज्य आसमानी आफत के आगे बेबस और लाचार हैं। भारी बारिश की सबसे ज्यादा मार मध्य प्रदेश में देखने को मिल रही है। मैदान से रेगिस्तान तक आसमानी आफत बरस रही है। ओडिशा, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश और बाढ़ की लोग मार झेल रहे हैं। बारिश की सबसे ज्यादा मार मध्य प्रदेश में देखने को मिल रही है। प्रदेश के कई हिस्सों में आसमानी आफत कहर बनकर टूटी है। मध्य प्रदेश में नर्मदा नदी किनारे सैलाब का तांडव सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। भोपाल से लेकर सागर तक जल प्रलय है। शिवपुरी, नीमच, सीहोर, रायसेन, राजगढ़, विदिशा हर तरफ आफत की बारिश देखने को मिल रही है।
वहीं हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार को मौसम साफ दिखा। हालांकि धर्मशाला समेत कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। सोमवार शाम तक प्रदेश में 104 सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही ठप रही। बारिश में करीब 72 मकान, कई दुकानें और गौशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। 140 से अधिक बिजली ट्रांसफार्मर और 86 पेयजल योजनाएं भी ठप रहीं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 24 और 25 अगस्त के लिए प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में पिछले कुछ दिनों में हुई भारी बारिश के बाद मंडी, कुल्लू और चंबा में जनजीवन अभी भी प्रभावित है। प्रदेश में प्राकृतिक आपदा से अभी तक काफी नुकसान हो चुका है।
