लू की चपेट में आए देश के कई राज्य, दिल्ली समेत इन राज्यों में अलर्ट जारी
देश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। देश के कई राज्य लू की चपेट में हैं। कई प्रदेशों में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग की ओर से कई राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी महानिदेशक डॉ. एम महापात्र के मुताबिक अप्रैल 2022 में उत्तर पश्चिमी और मध्य भारत में औसत अधिकतम तापमान पिछले 122 सालों में क्रमशः 35.90 डिग्री सेल्सियस और 37.78 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक है। पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों और उत्तर-पूर्व भारत के उत्तरी हिस्सों में सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान की संभावना है।
दिल्ली में भीषण गर्मी की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। शहर चिलचिलाती धूप में तप रहा है। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए तरस रहे हैं। शनिवार को दोपहर 12 बजे तक दिल्ली का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सफदरजंग वेधशाला ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया था। वही इससे पहले 18 अप्रैल, 2010 को दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। वही उत्तर प्रदेश के इलाकों में पारा 46 डिग्री के पार पहुंच गया है। राजस्थान के गंगानगर में पारा 46.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। महाराष्ट्र के चंद्रपुर में पारा 4.2 डिग्री दर्ज किया गया है।
इस साल मार्च महीने की शुरूआत से ही गर्मी ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। भीषण गर्मी की वजह से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं, मौसम विभाग ने भीषण गर्मी को लेकर आज कई राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी जारी की है। इसके अलावा महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र और झारखंड के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।