पीरनिगाह में दर्दनाक हादसा, बाइक-रेहड़ी पलटी; महिला और बच्चे की मौत, 5 घायल
ऊना के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां तीन पहिया मॉडिफाइड बाइक रेहड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पंजाब के कपूरथला निवासी एक बुजुर्ग महिला और तीन साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार कपूरथला से करीब आठ लोग बाइक रेहड़ी पर सवार होकर पीरनिगाह आए थे। धार्मिक स्थल पर माथा टेकने के बाद वापस लौटते समय रास्ते में एक तीखे मोड़ पर रेहड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में सवार लोग इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में बुजुर्ग महिला और तीन वर्षीय बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं पांच घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ घायलों के बयान भी दर्ज कर रही है। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले की जांच के लिए सदर पुलिस की टीम मौके पर गई है।
