MCD चुनाव से ठीक पहले AAP में शामिल हुए महाबल मिश्रा
दिल्ली नगर निगम के चुनाव से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महाबल मिश्रा रविवार (20 नवंबर) को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। कांग्रेस से एक बार सांसद और तीन बार विधायक रह चुके महाबल मिश्रा ने पहाड़गंज में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में एक जनसभा के दौरान 'आप' की सदस्यता ग्रहण की है। बता दें कि दिल्ली नगर निगम के 250 पार्षदों को चुनने के लिए चार दिसंबर को मतदान होगा। मतगणना सात दिसंबर को होगी। एमसीडी के एकीकरण के बाद निगम का यह पहला चुनाव होगा। बता दें कि महाबल मिश्रा के बेटे विनय मिश्रा पहले से ही आम आदमी पार्टी के नेता हैं। विनय द्वारका से 'आप' विधायक हैं। दिल्ली में रह रहे पूर्वांचल के मतदाताओं पर महाबल मिश्रा की खासी पकड़ बताई जाती है।
