विधायक मलेंद्र राजन ने इंदौरा को दी 25 लाख के पशु औषधालय की सौगात
इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं पशुपालन सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक मलेंद्र राजन ने 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित पशु औषधालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विधायक बनने के बाद क्षेत्र में गंगथ और इंदौरा में दो सिविल अस्पताल में डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को दूर किया गया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व संभाला था, उस समय गंगथ अस्पताल में केवल एक डॉक्टर कार्यरत था, जबकि अब यहां छह डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। गंगथ अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध करवाने की मांग भी सरकार को भेज दी गई है, ताकि क्षेत्र के लोगों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
मलेंद्र राजन ने कहा कि गंगथ से घेटा सड़क सहित विधानसभा क्षेत्र की छह अन्य सड़कों का शिलान्यास मुख्यमंत्री द्वारा किया गया था। लगभग 90 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इन सड़कों का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री द्वारा जल्द किया जाएगा। इन सड़कों के तैयार होने से क्षेत्र में यातायात सुविधा बेहतर होगी तथा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के चार सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है, जिनमें गंगथ का स्कूल भी शामिल है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता पर जल शक्ति विभाग द्वारा गंगथ में विभागीय विश्राम गृह के निर्माण के लिए भूमि तलाशने की प्रक्रिया भी जारी है। इसके बनने से क्षेत्र में विभागीय कार्यों को गति देने के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि नूरपुर को जिला बनाने की मांग के साथ गंगथ को नूरपुर जिला मुख्यालय यानि जिला नूरपुर एट गंगथ करने की मांग मुख्यमंत्री जी के सामने पुरजोर से उठाई जाएगी। उन्होंने 'अपना परिवार सुखी परिवार' योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि योजना के तहत आर्थिक रूप से पात्र परिवारों को लाभान्वित किया जाएगा। इसके लिए पंजीकरण करवाने की कोई निर्धारित सीमा नहीं है। पात्रता के सभी निर्धारित मापदंड पूरे करने वाले इच्छुक परिवार पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
इस अवसर पर जरम सिंह , कुलदीप शर्मा, मनोहर सिंह, पिंकी, शशिकांता, राजेश कुमार, नरेश कुमार, मनोज कुमार, केवल कलोत्रा,गुलाम रसूल, सुशील शर्मा, सुनील ठाकुर, नरेश शर्मा, राकेश शर्मा, असलम खान, दिनेश शेट्टी, विवानिदात, राजीव चौधरी, इलेक्ट्रिसिटी विभाग से संदीप सन्याल, वीडियो सुदर्शन सिंह, एसडीओ पीडब्ल्यूडी राजीव बिंद्राल, वेटरनरी ऑफिसर मुनीश गुप्ता एवं तनु डोगरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
