Monsoon Rains : गुजरात-महाराष्ट्र-हिमाचल में भारी बारिश का कहर
देश के कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ से तबाही मचते दिख रही है। गुजरात से लेकर महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत कर्नाटक में मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, इन तमाम राज्यों में बाढ़ और भारी बारिश के चलते 150 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। महाराष्ट्र का हाल सबसे बुरा देखने को मिला है। ताजा जानकारी के मुताबिक, राज्य में अब तक 83 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के 6 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया हुआ है। महाराष्ट्र में 1 जून से लेकर अब तक भारी बारिश के चलेत 83 लोगों की मौत हुई तो वहीं 64 लोग घायल हो गए हैं। राज्य में बाढ़, भूस्खलन, इमारत गिरने, घर गिरने, समुद्र में डूबने, पानी में डूबने, बिजली गिरने और शॉर्ट सर्किट की घटनाएं देखने को मिली है। इसके अलावा, बारिश के चलते 164 जानवरों की भी मौत हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, रेस्क्यू टीम ने 5873 लोगों को बचाया जा चुका है यानी उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है।
गुजरात में भी तबाही मचते दिखी है। राज्य में बाढ़ के चलते अब तक 63 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, अगले 4 दिन गुजरात यानी कि 16 जुलाई तक भारी बारिश के पूरे आसार है। जामनगर, कच्छ, मोरबी, नर्मदा, नवासारी, सूरत गुजरात के अलग-अलग जिलों में हालात लगभग एक जैसे ही हैं। भारी बारिश की वजह से गुजरात के तापी का डोसवाड़ा डैम ओवर फ्लो होने लगा है जिसके चलते पानी का पानी आसपास के गांवों को डुबोने लगा है जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लिहाजा प्रशासन ने आसपास के 12 गांवों के पानी भरने का खतरा मंडरा रहा है। वहीं मध्य प्रदेश के रायसेन का बारना डैम भारी बारिश के चलते ओवर फ्लो करने लगा है। सोमवार को डैम के 6 गेट खोल दिए गए जिससे आसपास के इलाके पानी में डूब गए। डैम से पानी छोड़े जाने की वजह से नेशनल हाइवे 145 पर बना पुल पानी में डूब गया है।
