नहीं रहे मुलायम सिंह यादव, 82 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का 82 साल की उम्र में सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। यूरिन संक्रमण के चलते वे काफी समय से मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। 1 अक्टूबर से गुरुग्राम अस्पताल के आईसीयू में उन्हें भर्ती कराया गया था। उनके निधन के बाद उत्तर प्रदेश में तीन दिन के राजकीय शोक का एलान किया गया है। मंगलवार को मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। नेताजी के निधन पर राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री से लेकर सीएम योगी और बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने शोक व्यक्त किया।
इससे पहले, मुलायम सिंह यादव के हालात बेहद नाजुक होने की सूचना पर बेटे अखिलेश यादव, भाई शिवपाल यादव और बहू अपर्णा यादव दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। बता दें तीन महीने पहले उनकी पत्नी साधना गुप्ता का भी निधन हो गया था। मुलायम सिंह यादव की निधन की पुष्टि करते हुए समाजवादी पार्टी ने ट्वीट किया। उन्होंने अपने ट्वीट में अखिलेश यादव के रिएक्शन को शेयर किया।
