National Herald Case: सोनिया गांधी को ED के समन के खिलाफ 21 जुलाई को देशभर में विरोध प्रदर्शन करेगी कांग्रेस
नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को प्रवर्तन निदेशालय के समन के खिलाफ पार्टी विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। ये विरोध प्रदर्शन केंद्र सरकार के खिलाफ 21 जुलाई को होने जा रहा है। बता दें कि सोनिया गांधी को नेशनल हेराल्ड केस में ईडी ने पूछताछ के लिए समन भेजा था ईडी की ओर से इस मामले में राहुल गांधी को भी नोटिस भेजा गया था। राहुल गांधी ईडी के कार्यकाल में 30 घंटे से अधिक बिता चुके हैं, यहां उनसे ईडी ने नेशनल हेराल्ड केस से जुड़े कई अलग-अलग सवाल पूछे गए। बुधवार को पार्टी की ओर से काफी अहम बैठक बुलाई गई जिसमें इस मामले पर चर्चा की गई। इसके अलावा आज गुरुवार को भी एक बैठक बुलाई गई है जिसमें सभी सचिव, प्रदेश प्रभारी, पीसीसी चीफ को बुलाया गया है। इस बैठक में भारत जोड़ो यात्रा और संगठन के कार्यक्रम पर चर्चा होगी। बैठक में पार्टी के शीर्ष नेता शामिल होंगे और इस दौरान विरोध यात्रा और जनता तक पहुंचने के अन्य कार्यक्रमों पर भी चर्चा होगी। गौर करने वाली बात है कि 18 जुलाई से संसद का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। ऐसे में कांग्रेस सांसद सदन के भीतर भी विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं।
