अहमदाबाद के कोविड अस्पताल में आग, 8 कोरोना मरीजों की मौत, PM ने जताया दुख

गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार सुबह कोरोना अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भीषण आग लगने से 8 मरीजों की मौत हो गई। इनमें 5 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। बताया जा रहा है कि 30 से ज्यादा मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है।
जानकारी के मुताबिक नवरंगपुरा के कोविड डेडिकेटेड शेरी अस्पताल में सुबह करीब साढ़े तीन बजे आग लगी। शुरुआती रिपोर्ट में आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आग ICU से शुरू हुई और फिर वह फैलती चली गई। आग लगने से अस्पताल में हड़कंप मच गया व मरीज इधर-उधर भागने लगे। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
इस अग्निकांड में आठ मरीजों की मौत हुई है। इसमें 5 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। सभी मरीज कोरोना पॉजिटिव बताए जा रहे हैं। 50 से ज्यादा मरीजों को फायर ब्रिगेड की टीमों ने रेस्क्यू कर लिया है। बताया जा रहा है कि 35 मरीजों को अस्पताल के दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया है।
PM मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री मोदी ने इस घटना पर दुख जताते हुए, मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। प्रधानमंत्री ने गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और अहमदाबाद की मेयर बिजल पटेल से इस बारे में बात की व हालत का जायजा लिया।
मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘अहमदाबाद के अस्पताल में हुई आग की दु:खद घटना से मन व्यथित हो गया। शोकसंतप्त परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’ उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रूपाणी और मेयर पटेल से बात कर उन्होंने वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा, ‘‘प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता पहुंचाई जा रही है।’’