उत्तर प्रदेश में हुई जीका वायरस के नए मामलों की हुई पुष्टि
कन्नौज में जीका वायरस से संक्रमित पहले मरीज की पुष्टि हुई है। इससे पहले कानपुर में रविवार को जीका वायरस के 10 और मामले आने के बाद जिले में इस वायरस से संक्रमितों की कुल संख्या 89 हो गई है। कानपुर में रविवार को लगातार दूसरे दिन भारतीय वायुसेना के तीन जवानों सहित 10 और लोगों के जीका वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। शनिवार को जीका वायरस से 13 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। स्वास्थ्य टीमों ने बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार को लगातार तीन दिनों में 525 व्यक्तियों के रक्त के नमूने एकत्र किए थे और उन्हें लखनऊ में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी और पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान की प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा गया था। शनिवार और रविवार को लगातार दो दिनों में जीका वायरस के कुल 23 मामलों की पुष्टि हुई। कानपुर में 23 अक्टूबर को जीका वायरस का पहला मामला वायु सेना के एक अधिकारी में मिला था। जिलाधिकारी ने बताया कि कुल 89 संक्रमित लोगों में 55 पुरुष हैं और 34 महिलाएं हैं। इन संक्रमितों में से 12 भारतीय वायु सेना के कर्मी हैं। जीका वायरस मच्छर के जरिये फैलने वाली बीमारी है, इसलिए मच्छरों से छुटकारा पाना ही सुरक्षित तरीका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी जीका वायरस के प्रसार को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
