आप और भाजपा के बीच चल रही ज़ुबानी जंग ने लिया नया मोड़
आप और भाजपा के बीच चल रही ज़ुबानी जंग ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। ये मामला सिर्फ सीबीआई ईडी की जांच तक सीमित नहीं रहा बल्कि सरकार बनाने गिराने तक पहुंच गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर दावा किया है कि भाजपा अन्य राज्यों की तरह दिल्ली में ऑपरेशन लोटस चलाना चाहती थी, मगर यहां ऑपरेशन लोटस फेल हो गया। केजरीवाल ने आगे कहा कि सीबीआई के छापे भ्रष्टाचार की जांच करवाने के लिए नहीं, बल्कि सरकार गिराने के लिए डलवाए गए थे। इससे पहले, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा था कि मेरे पास भाजपा का संदेश आया है कि आप छोड़ दो, जब छोड़ो तो उस पार्टी को तोड़ भी दो। हमारी पार्टी में आ जाओ। सारे सीबीआई ईडी के केस बंद करवा देंगे। मुख्यमंत्री भी बना देंगे।
वहीं गुजरात पहुंचे सिसोदिया ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री बनने के लिए सियासत में नहीं आया हूं। मैं यहां स्कूल में छात्रों को अच्छी शिक्षा मुहैया कराने के लिए आया हूं। मेरा भाजपा को जवाब है कि मैं महाराणा प्रताप का वंशज हूं, राजपूत हूं। सर कटा लूंगा, लेकिन भ्रष्टाचारियों-षड्यंत्रकारियों के सामने झुकूंगा नहीं। सिसोदिया के इस बयान के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन किया। भाजपा मनीष सिसोदिया को दिल्ली के डिप्टी सीएम पद से बर्खास्त करने की मांग कर रही है। सीबीआई जांच को लेकर आम आदमी पार्टी ने जाति कार्ड भी खेला। पार्टी ने सिसोदिया को महाराणा प्रताप का वंशज बताया। इस मामले में रविवार को सबसे पहले आप के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव और गुजरात के नेता इसुदान गढ़वी ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी की। उन्होंने लिखा कि महाराणा प्रताप के वंशज मनीष सिसोदिया को भाजपा झूठे आरोप में परेशान कर रही है। इसके चलते गुजरात के राजपूत युवाओं में रोष है।
