पंजाब कांग्रेस में अब कोई झगड़ा नहीं, लोगों के अच्छे दिन आएंगे : सीएम चन्नी
सिद्धू के पाकिस्तान जाने पर सीएम चन्नी ने कहा कि अमरिंदर ने कहा सिद्धू ने वहां सेना प्रमुख को गले लगाया। क्या अटल बिहारी वाजपेयी पाकिस्तान नहीं गए थे ? क्या वे वहां के लोगों से गले नहीं मिले थे ? भारत के लोगों की रिश्तेदारी वहां है और वहां के लोगों की रिश्तेदारी यहां है। सिद्धू ने कुछ गलत नहीं किया। इस मामले को बार-बार उठाना गलत है। कांग्रेस की फजीहत के सवाल पर सीएम चन्नी ने कहा कि हम कांग्रेस और लोगों को आगे लेकर जाएंगे। सीएम चन्नी ने कहा कि हमने सीएम अमरिंदर के खिलाफ कुछ नहीं बोला बल्कि मुद्दों को लेकर बोला था। हमें पहले से ही पता था कि अमरिंदर मुद्दे नहीं सुलझा रहे हैं। बात जब हद से ज्यादा बढ़ गई, तब आलाकमान ने अमरिंदर सिंह को हटाया। चन्नी ने कहा कि दिल्ली से जो पैनल आएगा, उसी में से डीजीपी चुना जाएगा। नवजोत सिंह सिद्धू की नाराजगी पर सीएम चन्नी ने कहा कि अब कोई नाराजगी नहीं है। सिद्धू हमारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष है। पंजाब के डीजीपी को लेकर कोई झगड़ा नहीं है। सब कुछ प्रोसिज़र के तहत होगा। चन्नी ने कहा कि सिद्धू मेरे बड़े हैं और आलाकमान ने सिद्धू को चुना है। सीएम चन्नी ने कहा कि पार्टी ने मुझे जो काम सौंपा है, मैं उसे अच्छी तरह करुंगा, अब लोगों के अच्छे दिन आएंगे।
