सरकार का फरमान, 3 मार्च को कर्मचारियों के छुट्टी लेने पर रोक
हिमाचल प्रदेश सरकार ने 3 मार्च को कर्मचारियों के छुट्टी लेने पर रोक लगा दी है। इस संदर्भ में मुख्य सचिव ने सभी विभागाध्यक्षों को लिखित में आदेश जारी कर दिए हैं। दरअसल कल प्रदेश के कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली और पे कमीशन की विसंगतियों को लेकर विधानसभा के बाहर प्रदर्शन करेंगे। ऐसे में प्रस्तवित प्रदर्शन से एक दिन पहले सरकार ने सिविल सर्विस रूल्स 3 और 7 का हवाला देते हुए ये आदेश जारी किए हैं। इसके चलते प्रदर्शन, घेराव, हड़ताल, बायकॉट, पेन डाउन स्ट्राइक और सामूहिक अवकाश लेने और इस तरह की अन्य गतिविधियों में शामिल सरकारी कर्मचारियों का वेतन काटा जाएगा। वहीँ ऐसे कर्मचारियों पर मामला भी दर्ज हो सकता है, साथ ही संबंधित विभाग द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। सरकार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि विधानसभा का बजट सत्र जारी है, ऐसे में कर्मचारियों को छुट्टियां देने पर रोक लगाई गई है।
