अब मनाली और धर्मशाला से भी चंडीगढ़ एयरपोर्ट के लिए दौड़ेगी वॉल्वो बस
एचआरटीसी ने मनाली और धर्मशाला से चंडीगढ़ एयरपोर्ट मोहाली के लिए वोल्वो सेवा को हरी झंडी दिखा दी है। इस वॉल्वो बस सेवा शुरू होने से अब लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। जानकारी के अनुसार मनाली से एयरपोर्ट का किराया 1172 रुपये और धर्मशाला से 818 रुपये निर्धारित किया गया है। बता दें की शिमला से एयरपोर्ट के लिए बीते साल क्रिसमस पर एचआरटीसी ने वोल्वो सेवा शुरू कर दी थी, जिसे यात्रियों का बहुत बढ़िया रिस्पांस मिला है। बड़ी संख्या में शिमला आने जाने वाले सैलानी इस वोल्वो में सफर कर रहे हैं। चंडीगढ़ एयरपोर्ट मोहाली से मनाली के लिए वोल्वो शाम 7:50 पर रवाना होगी और अगले दिन सुबह 06:00 बजे मनाली पहुंचेगी। एयरपोर्ट से धर्मशाला जाने वाली वोल्वो दोपहर बाद 02:50 पर रवाना होगी और रात 09:30 बजे धर्मशाला पहुंचेगी। परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि शिमला, मनाली और धर्मशाला के लिए चंडीगढ़ एयरपोर्ट मोहाली से सीधी वोल्वो सेवा शुरू होने से लोगों को टैक्सियों में भारी-भरकम किराया नहीं चुकाना होगा। वोल्वो के किराये में स्थानीय लोग और सैलानी सुविधाजनक सफर कर पाएंगे।
