सिंगापुर के लिए 26 अक्टूबर से यात्रा कर सकते हैं भारत के लोग, नई ट्रेवल एडवाइजरी जारी
कोविड महामारी के बीच सिंगापुर की सरकार ने ट्रेवल एडवाइजरी जारी की है। भारतीयों को सिंगापुर की यात्रा करने को लेकर बड़ी राहत दी गई है। सिंगापुर ने भारत समेत कई दूसरे देशों पर लगे प्रतिबंध को हटा दिया है। कोविड-19 महामारी के कारण कई देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगाए गए थे। भारत, बांग्लादेश, म्यांमार, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका के लोग अब कुछ शर्तों के साथ सिंगापुर की यात्रा कर सकेंगे। सिंगापुर स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा निर्देशों के मुताबिक सिंगापुर के लिए प्रस्थान से पहले बांग्लादेश, भारत, म्यांमार, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका के 14 दिनों के यात्रा इतिहास वाले सभी यात्रियों को 26 अक्टूबर को रात 11.59 बजे से सिंगापुर में प्रवेश करने अनुमति दी जाएगी। हालांकि, मंत्रालय ने यह भी कहा कि यात्रियों को कई सख्त नियमों का पालन करना होगा। मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि उसने उन छह दक्षिण एशियाई देशों में कोविड -19 स्थिति की समीक्षा की है और उसके बाद ये फैसला लिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री ओंग ये कुंग ने कहा कि इन देशों में स्थिति कुछ समय के लिए स्थिर हो गई है। बता दें कि कोरोना महामारी के दौरान कई देशों की हालत चिंताजनक थी और काफी संख्या में लोग इस बीमारी के शिकार थे और इसी वजह से सरकार की ओर से सिंगापुर आने जाने को लेकर प्रतिबंध लगाया गया था।
