तमिलनाडु के कई शहरों में बारिश और बाढ़ की वजह से लोगों का जीवन हुआ अस्तव्यस्त
तमिलनाडु के कई शहरों में बारिश और बाढ़ की वजह से लोगों का जीवन अस्तव्यस्त है। चेन्नई समेत कई शहरों में अगले दो दिनों में मौसम के मिजाज़ को लेकर भारी चिंता जताई जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार की तरफ से तैयारियां भी की जा रही हैं। राज्य सरकार ने अधिकारियों से राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के आदेश दे दिए गए हैं। जिसके बाद कई जगहों पर राहत बचाव कार्य में तेजी देखी जा रही है। वहीं कुछ जगहों पर अभी भी राहत बचाव कार्य न होने की शिकायतें मिल रही हैं। भारी बारिश और बाढ़ के साथ चक्रवात की संभावना और मौजूदा हालात को देखते हुए शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का फैसला किया गया है। तमिलनाडु के 22 जिलों में दो दिन स्कूल कॉलेज में अवकाश घोषित कर दिया गया है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में हालात कुछ काबू में दिख रहे है पर कुछ इलाके ऐसे हैं जहां अभी भी सरकारी मदद नहीं पहुंच पा रही है। यहां लोगों में नाराजगी है। पुलनथपै इलाके के लोगों ने बुधवार को ट्रैफिक जाम कर के प्रदर्शन किया।
