पांच गुना बढ़े प्लेटफ़ॉर्म टिकट के दाम, भीड़ पर लगाम लगाने के लिए भारतीय रेलवे ने लिया फैसला
भारत में त्योहारों के सीजन की शुरुआत हो चुकी है, जिसके चलते रेलवे स्टेशनों में भारी भीड़ देखने को मिल सकती है। स्टेशनों पर यात्रियों के साथ साथ उन्हें छोड़ने के लिए दोस्त और रिश्तेदार भी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। जिसके चलते कोविड-19 महामारी के बीच स्टेशन पर यात्रियों के अलावा अनावश्यक भीड़ पर लगाम लगाने के लिए भारतीय रेलवे ने मुंबई के बड़े स्टेशनों में प्लेटफ़ॉर्म टिकट के दाम बढ़ाने का एलान किया है। सेंट्रल रेलवे जोन ने मुंबई के कई स्टेशनों पर प्लेटफ़ॉर्म टिकट के ये दाम बढ़ाने का फैसला किया है। सेंट्रल रेलवे जोन के बयान के मुताबिक, त्योहार के इस सीजन में इन स्टेशनों पर अनावश्यक भीड़ ना हो इसलिए प्लेटफ़ॉर्म टिकट के दाम बढ़ाने का ये फैसला किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक इन स्टेशनों में जो प्लेटफ़ॉर्म टिकट अब तक 10 रुपये में मिलता था वो अब 50 रुपये की कीमत पर मिलेगा।
