पीएम मोदी ने 'आज़ादी का अमृत महोत्सव' का किया आगाज़, 15 अगस्त 2023 तक चलेगा कार्यक्रम
साल 2022 में देश की आजादी के 75 साल पूरे हो जाएंगे। साथ ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह के 91 वर्ष भी पूरे हो गए हैं। इसी सिलसिले में प्रधानमंत्री मोदी साबरमती आश्रम से अमृत महोत्सव की शुरुआत की और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के अंत में पीएम मोदी ने दांडी यात्रा को हरी झंडी दिखाई। ये कार्यक्रम 15 अगस्त 2023 तक चलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस कार्यक्रम के दौरान कहा कि आज आजादी के अमृत महोत्सव का प्रारंभ हो रहा है। अमृत महोत्सव 15 अगस्त, 2022 से 75 सप्ताह पूर्व आज प्रारंभ हुआ है और 15 अगस्त, 2023 तक चलेगा। उन्होंने आगे कहा कि हम सभी का सौभाग्य है कि हम आजाद भारत के इस ऐतिहासिक कालखंड के साक्षी बन रहे हैं। आज दांडी यात्रा की वर्षगांठ पर हम बापू की इस कर्म स्थली पर इतिहास बनते भी देख रहे हैं और इतिहास का हिस्सा भी बन रहे हैं। मोदी ने स्वाधीनता संग्राम में अपने आपको आहूत करने वाले, देश को नेतृत्व देने वाली सभी महान विभूतियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम के दौरान बताया कि पांच स्तम्भ आजादी की लड़ाई के साथ-साथ आजाद भारत के सपनों और कर्तव्यों को देश के सामने रखकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगे। इन पांच स्तंभों में स्वतंत्रता संग्राम, 75 साल पर विचार, 75 साल पर उपलब्धियां, 75 पर एक्शन और 75 पर संकल्प शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी, जवाहन लाल नेहरू और सरदार पटेल का जिक्र किया और कहा कि इनके सपनों के भारत को बनाने के लिए हम आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में ऐसे कई संघर्ष हैं, जिनका नाम आज नहीं लिया जाता है लेकिन हर किसी का अपना महत्व रहा है।
