पीएम मोदी ने जारी की किसान सम्मान निधि की 12वीं किस्त
देश के करीब 12 करोड़ किसानों को केंद्र सरकार की ओर से दीवाली का तोहफा मिल गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के किसानों के खाते में इसकी 12वीं किस्त भेज दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में 'पीएम किसान सम्मान सम्मेलन 2022' का उद्घाटन किया और डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर के जरिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) के तहत 12वीं किस्त राशि जारी कर दी है। इस आयोजन में देश के 12 करोड़ किसानों के खाते में कुल 16,000 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है। इस आयोजन को देखने के लिए देश भर के 13,500 से अधिक किसान और लगभग 1500 कृषि स्टार्टअप एकत्रित रहे हैं। पीएम ने पीएम किसान सम्मान निधि की 12वीं किश्त किसानों के खाते में ट्रांसफर कर दी है।
पीएम मोदी ने देशभर में 600 पीएम कृषि समृद्धि केंद्रों का उद्घाटन भी किया है। देश में सभी खुदरा यूरिया केंद्रों को पीएम कृषि समृद्धि केंद्रों के तौर पर विकसित किया जा रहा है। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत आने वाले 2000 रुपये आज किसानों के खाते में पहुंच गए हैं और इसके लिए सारी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं। अब पीएम मोदी ने किसान सम्मान सम्मेलन में किसानों के खाते में 2000 रुपये भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में इस बात की जानकारी दे दी थी। पीएम नरेंद्र मोदी ने मई में हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में किसान सम्मान निधि की 11वीं किस्त जारी की थी। इस किस्त के रूप में देश के किसानों के लिए कुल 21,000 करोड़ रुपये जारी किए गए थे।
