भारत में 25 साल बाद इंटरपोल महासभा का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली के प्रगति मैदान में 90वीं इंटरपोल महासभा का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी इस महासभा में भाग ले रहे 195 देशों के प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में पाकिस्तानी प्रतिनिधि की भी मौजूदगी होगी। भारत में इंटरपोल महासभा 25 वर्ष बाद आयोजित हो रही है। यह महासभा 18 से 21 अक्टूबर तक चलेगी। कार्यक्रम में इंटरपोल के कामकाज की समीक्षा की जाएगी और भविष्य की आपराधिक चुनौतियों, अंतरराष्ट्रीय गिरोहों पर नकेल कसने की रणनीति समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। इस महासभा का आयोजन साल में एक बार किया जाता है। जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी दोपहर में 1:45 बजे महासभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, इंटरपोल के अध्यक्ष अहमद नासर अल रईसी और उसके महासचिव जुर्गन स्टॉक भी वहां मौजूद रहेंगे। भारत में स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर इंटरपोल महासभा का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले भारत में पिछला आयोजन 1997 में हुआ था।
