तेलंगाना-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर हुए एनकाउंटर में पुलिस ने तीन नक्सलियों को किया ढेर, कई हथियार बरामद
छत्तीसगढ़ व तेलंगाना के बॉर्डर पर पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में 3 नक्सलियों को जवानों ने ढेर कर दिया है। जवानों को भारी पड़ता देख अन्य नक्सली जंगल का फायदा उठाकर भाग खड़े हुए। मुठभेड़ के बाद क्षेत्र के सर्चिंग पर एके 47 व SLR हथियार बरामद किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार तेलंगाना के मुलगु जिले व बीजापुर के तारलागुड़ा के बीच नक्सलियों के मौजूदगी की सूचना पर तेलंगाना पुलिस और तेलंगाना ग्रे हाउंड्स की संयुक्त टीम को जंगल में कार्यवाही के लिए रवाना किया गया था। जवान जैसे ही जंगल में घुसे, वैसे ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस और नक्सलियों के बीच लगभग 2 घंटे तक फायरिंग हुई है। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली भाग निकले। सर्चिंग के बाद तीन नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। मुलगू जिले का जंगल छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले की सीमा से लगा हुआ है। इस मुठभेड़ के बाद छत्तीसगढ़ की सीमावर्ती जिलों में तैनात फोर्स को भी अलर्ट कर दिया गया है। मारे गए नक्सलियों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जवान जब वापस लौटेंगे तब घटना के संबंध में और अधिक जानकारी सामने आएगी।
