मंत्री के बयान पर शिमला में सियासी बवाल, भाजयुमो का प्रदर्शन
धर्मशाला में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान मंत्री जगत सिंह नेगी की भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई टिप्पणी पर शुरू हुआ विवाद अब राजधानी शिमला तक पहुंच गया है। भाजपा इस मामले को लेकर राज्यपाल के दरबार में पहुंचकर मंत्री के इस्तीफे की मांग उठा चुकी है। वहीं, मंगलवार को भाजपा युवा मोर्चा के बैनर तले भाजपा और महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शिमला में सड़कों पर उतरकर मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाने का प्रयास किया, जिसे रोकने के लिए पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। हालात ऐसे बने कि भाजयुमो प्रदेश महासचिव सुशील कडशोली की जैकेट तक फट गई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस के खिलाफ नारेबाजी हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। भाजपा ने जहां मंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग की है, वहीं मुख्यमंत्री से उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की मांग भी उठाई है।
भाजयुमो प्रदेश महासचिव सुशील कडशोली ने कहा कि विधानसभा जैसे संवैधानिक मंच पर भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री जगत सिंह नेगी ने भारतीय सेना की उपलब्धियों और क्षमता पर सवाल उठाकर देश के सैनिकों का अपमान किया है। कडशोली ने कहा कि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व से लेकर प्रदेश के नेताओं तक सेना और देश से जुड़े मुद्दों पर इस तरह की बयानबाजी देखने को मिल रही है। उन्होंने जगत सिंह नेगी के पूर्व में दिए गए बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि वह पहले भी सेना, महिला सांसद और आपदा प्रभावित क्षेत्रों को लेकर विवादित टिप्पणियां कर चुके हैं।
कडशोली ने सरकार पर अपनी गारंटियों और विभागीय कामकाज से ध्यान भटकाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि बागवानों को एमआईएस के तहत सी-ग्रेड सेब खरीद के करीब 45 करोड़ रुपये का भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। सरकार को दस गारंटियों, पांच लाख नौकरियों, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और स्टार्टअप फंड जैसे वादों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने मांग की कि जगत सिंह नेगी सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, अन्यथा भाजयुमो प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगा।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई धक्कामुक्की पर भाजपा जिला अध्यक्ष केशव चौहान ने कांग्रेस सरकार और पुलिस प्रशासन को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस के माध्यम से भाजपा के आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सैनिकों और युवाओं की धरती है तथा सेना का अपमान प्रदेश और देश की जनता की भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुतला जलाने के प्रयास के दौरान पुलिस ने पुतला पकड़ने के साथ कार्यकर्ताओं के साथ धक्कामुक्की की।
चौहान ने पुलिस के आला अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस को सरकार के हाथ की कठपुतली बनने के बजाय जनता की सुरक्षा के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए मुख्यमंत्री से मांग की कि मंत्री जगत सिंह नेगी को तुरंत पद से हटाया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस और मंत्री को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि इस तरह की पुलिस कार्रवाई को पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी।
